अवैध संबंध में बाधा बने पति को पिलाया तेजाब, आखिरी बयान से बड़ा खुलासा; बरेली में पत्नी का खौफनाक खेल
उत्तर प्रदेश के बरेली में अवैध संबंध में बाधा बन रहे पति इसराइल को उसकी पत्नी गौसिया ने तेजाब पिलाकर मार डाला. इस सनसनीखेज वारदात से पहले पीड़ित ने पुलिस को अपनी आपबीती बताई थी, जिसमें उसने पत्नी और प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के मेरठ के बाद अब बरेली में पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां हवस की आग में जल रही एक पत्नी ने अपने हाथों पति को तेजाब पिला दिया. इस वारदात में पति की मौत हो गई है. हालांकि मौत से ठीक पहले पति ने पुलिस के सामने वारदात की पूरी कहानी बयां कर दी है. मामला बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में चक्क महमूद और जोगी नवादा क्षेत्र का है.
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान इसराइल के रूप में हुई है. परिजनों ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि इसराइल की शादी करीब 13 साल पहले गौसिया से हुई थी. शुरुआती दिनों में तो सब कुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. इसके चलते इसराइल ने परिवार से अलग होकर किराए का घर लिया और पत्नी बच्चे के साथ रहने लगा.
मालिक से अवैध संबंध का आरोप
इसराइल की मां बासिना का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले इसराइल को अपनी पत्नी के मकान मालिक सलीम से अवैध संबंधों की जानकारी हुई. आरोप है कि इसराइल ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखा था. इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया. परिजनों के मुताबिक इसराइल ने बदनामी और घरेलू विवाद से परेशान होकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे बचा लिया.
फिर तेजाब पिलाकर ले ली जान
मृतक की मां और भाई का आरोप है कि इससे विवाद खत्म नहीं हुआ तो इसराइल की पत्नी ने सलीम के साथ मिलकर उसे तेजाब पिला दिया. हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मौत से पहले इसराइल ने पुलिस को बयान दिया था. इसमें उसने अपनी पत्नी और प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए थे. पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो सकेगा कि इसराइल की मौत तेजाब पीने से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी. पुलिस मृतक के आखिरी बयान और परिवार के आरोपों की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. एसपी सिटी मानुष पारीक के मुताबिक तथ्यों के आधार पर मामले की जांच हो रही है.



