15:10 पूर्वांचल में धूप, पश्चिमी UP और बुंदेलखंड में बारिश का अलर्ट; जानें अपने जिले का मौसम
उत्तर प्रदेश में मानसून अब कमजोर पड़ने लगा है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वांचल में आज धूप खिलेगी, जबकि पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड में बारिश का अलर्ट है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी यूपी में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना है. मध्य व उत्तरी यूपी में धूप-बादल का मिश्रण दिखेगा. लखनऊ में भी बादल छाए रहेंगे.
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ गया है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में शनिवार से ही धूप खिल रही है. हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के कई जिलों में आज फिर बारिश का अलर्ट है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति मानसून के दक्षिणी भाग में पहुंचने के कारण बनी है. इसकी वजह से मध्य प्रदेश से सटे जिलों में आज भारी बारिश की आशंका है.
इस संबंध में मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से अलर्ट जारी किया गया है. वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक आज मध्य प्रदेश से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है. इसके अलावा बाकी प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है. उन्होंने बताया कि यदि कहीं बारिश होती भी है तो वह छिटपुट बूंदाबांदी के रूप में हो सकती है.
कमजोर पड़ गया निम्न दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग ने अपनी ताजा बुलेटिन में बताया कि उत्तर प्रदेश पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है. साथ ही मानसूनी द्रोणी भी अपनी सामान्य स्थिति के करीब है. यह द्रोणी अनूपगढ़, दिल्ली, आगरा, होते हुए पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर जाती नजर आ रही है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिणी पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी ओडिशा के आसपास बने निम्न दबाव का क्षेत्र भी मानसूनी द्रोणी की अक्ष रेखा के साथ पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है.
तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने इन परिस्थितियों के आधार पर अगले तीन दिनों तक प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में कभी तेज धूप खिलेगी, तो कभी बादल भी छाए रह सकते हैं. इससे लोगों में भ्रम की स्थिति भी बन सकती है. राजधानी लखनऊ में भी आज आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और निम्नतम तापमान 27.8 डिग्री रह सकता है.



